रांची (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। सीएम हेमंत सोरेन आज पश्चिमी सिंहभूम के गुदरी प्रखंड स्थित बुरुगुलिकेरा जा रहे हैं। वहां से मृतक के परिजन और ग्रामीणों से मिलेंगे।
सीएम सचिवालय के मुताबिक श्री सोरेन सुबह 10 बजे पश्चिमी सिंहभूम के लिए रवाना होंगे। करीब 11 बजे मृतक के परिजन और ग्रामीणों से मिलेंगे।
एक घंटे रहने के बाद वे 12 बजे रांची वापस लौट जाएंगे। घटना को लेकर सीएम ने 22 जनवरी को समीक्षा बैठक भी की थी। एसआईटी टीम का गठन कर जांच का आदेश दिया है।
बतातें चलें कि पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुवा थाना क्षेत्र के बुरुगुलीकेरा में 19 जनवरी को देर रात पत्थलगड़ी समर्थक और विरोधियों के बीच हुई हिंसक झड़प हुई थी।
इसमें गुलीकेरा ग्राम पंचायत के उपमुखिया समेत सात ग्रामीणों की हत्या कर दी गई थी। हत्या करने के बाद सभी लोगों के शव गांव के पास स्थित जंगल में फेंक दिये गये थे।
सोनुवा थाना क्षेत्र के बुरुगुलीकेरा गांव में पत्थलगड़ी समर्थकों के द्वारा गांव में घूम-घूम कर कुछ दस्तावेज मांग कर जमा किये जा रहे थे। यह काम काम पिछले 10-12 दिनों से चल रहा था।
इसी दौरान बीते 17 जनवरी को पत्थलगड़ी विरोधियों और समर्थकों के साथ मारपीट हो गई थी। फिर बीते रविवार को पत्थलगड़ी समर्थक और पत्थलगड़ी विरोधियों के बीच हिंसक झड़प हुई, जिनमें पत्थलगड़ी समर्थकों के द्वारा पत्थलगड़ी विरोधी 7 लोगों की हत्या कर दी गयी।