अन्य
    Saturday, April 20, 2024
    अन्य

      80 वर्ष का बूढ़ा भी लगा रहा था नाबालिग बेटी की बोली, 7 धराए

      वर्ष 2013 से अब तक झारखंड में ट्रैफिकिंग के 620 से अधिक मामले दर्ज हो चुके हैं। 556 मानव तस्करों गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें 356 पुरुष और 200 महिलाएं हैं। वहीं मानव तस्करी की शिकार 930 से ज्यादा युवक-युवतियों को बचाया गया है। इनमें 736 लड़कियां हैं। मानव तस्करी की शिकार 78% आदिवासी समाज के हैं……..”

      एक्सपर्ट मीडिया न्यूज डेस्क। राजधानी रांची से 15 किलोमीटर दूर पिस्का नगड़ी क्षेत्र की 16 साल की एक लड़की की उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में खुलेआम बोली लग रही थी।

      बोली लगाने वालों में 20 साल के युवक से लेकर 80 साल तक के बूढ़े शामिल थे। लेकिन समय रहते पुलिस को भनक लग गई। पुलिस पहुंची और रांची की मानव तस्कर कलावती सहित सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

      बुलंदशहर की अहमदगढ़ थाना प्रभारी धनेंद्र यादव के मुताबिक लड़की ने बताया कि उसकी मां का एक साल पहले निधन हो गया है। उसकी सौतेली मां ने उसे उसी के गांव की रहने वाली मानव तस्कर कलावती के पास 50 हजार रुपए में बेच दिया था। इसके बाद कलावती उसे बेचने के लिए बुलंदशहर ले आई।

      थाना प्रभारी ने बताया कि जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दो महिला सहित सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

      इनमें कलावती और एक अन्य महिला के अलावा यूपी के खुर्जा निवासी राजेश, धीरेंद्र, औरंगाबाद के गंगाहरी निवासी जीतेंद्र व इंद्रसिंह, अहमदगढ़ के नौरंगाबाद निवासी महेंद्र शामिल हैं।

      यूपी पुलिस के मुताबिक मानव तस्कर कलावती नाबालिग लड़की को लेकर नौरंगाबाद निवासी महेंद्र के घर पहुंची थी। वहां से आसपास के लोंगो को लड़की की बोली लगाने के लिए बुलाया गया।

      कुछ ही देर में वहां मासूम के खरीदारों की भीड़ लग गई। इनमें 20 साल के युवक से लेकर 80 साल तक के बूढ़े शामिल थे। बोली लगाने से पहले लोग उसे छू-छू कर देख रहे थे और लड़की रो रही थी।

      50 हजार रुपए से बोली शुरू हुई और यह बढ़कर 80 हजार रुपए तक पहुंच गई। लेकिन इसी पुलिस वहां पहुंच गई और उसे बचा लिया। पुलिस ने इस मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार किया है।

      बता दें कि मानव तस्करी मामले में कलावती दो साल पहले भी जेल जा चुकी है। लड़की के बेचने की खबर गांववालों को भी लग चुकी है।

      ग्रामीणों के अनुसार कलावती पिस्का नगड़ी के आसपास के इलाकों की लड़कियों को नौकरी दिलाने के बहाने बाहर ले जाती है और उसे बेच देती है। एक लड़की के बदले उसे 40 से 50 हजार रुपए तक मिल जाते हैं।

      यूपी पुलिस के मुताबिक कलावती झारखंड की कई लड़कियों को यूपी के बागपत, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ और बुलंदशहर में बेच चुकी है।

      संबंधित खबरें
      error: Content is protected !!