अन्य
    Saturday, April 20, 2024
    अन्य

      नकली नोट के गोरखधंधे में पटना और नालंदा से 4 छात्र धराये

      पटना (संवाददाता)। राजधानी की कंकड़बाग थाना पुलिस ने कलर प्रिंटर से सौ-सौ रुपए का नोट स्कैन कर नकली नोट प्रिंट करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है।

      पुलिस ने राजेंद्रनगर पुल के नीचे और कंकड़बाग इलाके में छापेमारी कर बादल कुमार एवं धर्मराज कुमार तथा हिलसा में अशोक कुमार एवं मनीष कुमार को गिरफ्तार किया। इनके पास से कलर प्रिंटर, सौ-सौ रुपए के 24 नोट, ए-4 साइज के सादे कागज चार मोबाइल बरामद हुए।

      इंटर का छात्र बादल और धर्मराज पंडारक का रहने वाला है, जबकि अशोक नालंदा के तेलहाड़ा के मछुआरा और मनीष नालंदा के हिलसा के बड़ी घोषी का है। प्रिंटर मनीष के घर से जब्त किया गया है।

      पुलिस की गिरफ्त में आये नकली नोट के धंधेबाजों ने बताया कि पॉकेट खर्च और फैशन में पैसे की कमी रही थी। कलर प्रिंटर से नोट स्कैन कर उसे सादे कागज पर निकालने पर हू-ब-हू नोट बन जाता है।

      उन लोगों ने दो माह पहले प्लान बनाया और पटना से एक कलर प्रिंटर ले गए। फिर हिलसा में रोजाना 15-20 नोट निकालने लगे। इसे रात में पटना के छोटे-छोटे होटलों और सिगरेट, गुटखा, चाय नाश्ता की दुकानों में भुना लेते थे। पिछले दो माह में इन लोगों ने करीब एक लाख रुपए चला दिया।

      यूं धराया नकली नोट का गिरोह

      बादल राजेंद्र नगर पुल के नीचे सोमवार रात एक होटल में सौ का नोट देकर कुछ नाश्ता किया था। एसएसपी मनु महाराज को इसकी जानकारी मिली। उन्होंने एक सिपाही को उस होटल में सादी वर्दी में भेजा।

      मंगलवार रात बादल फिर वहां सौ का नोट लेकर पहुंचा। इसी बीच वहां पहले से मौजूद कंकड़बाग थानेदार रवि भूषण उस होटल में पहुंच गए और उसे दबोच लिया। बादल की निशानदेही पर पुलिस ने धर्मराज को पकड़ा।

      फिर हिलसा में छापेमारी कर अन्य दो शातिरों को दबोचा गया। एसएसपी ने बताया कि पुलिस इस तरह के दूसरे गिरोह का भी सुराग लगाने में जुटी है।

       

      संबंधित खबरें
      error: Content is protected !!