अन्य
    Saturday, April 20, 2024
    अन्य

      रांची में राहुल, बोले- ‘मैं प्‍यार बांटता हूं और नरेंद्र मोदी नफरत’

      “देश का चौकीदार हर भाषण में झूठ बोलता है। उसने भारतीय वायुसेना से छीनकर अपने दोस्‍त अनिल अंबानी की जेब में देश के 30 हजार करोड़ रुपये चुपके से डाल दिए हैं। इनका झूठ सबसे मजबूत है……”

      एक्सपर्ट मीडिया न्यूज। झारखंड की राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में शनिवार को परिवर्तन उलगुलान रैली के दौरान खासे उत्‍साहित दिख रहे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर खूब निशाना साधा।ranchi rahul 4

      राहुल ने राफेल का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सारे चौकीदारों की मान-मर्यादा का हनन किया है। अच्छे दिन का नारा बदल गया है….अब कहा जा रहा चौकीदार चोर है। सारे चौकीदारों को बदनाम कर दिया। चौकीदार की बात होती है तो नरेंद्र मोदी की होती है।

      राहुल गांधी ने कांग्रेस के उत्‍साही कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि साढ़े चार साल में नरेंद्र मोदी सरकार का पतन हो गया है। वायुसेना देश की रक्षा करती है, हमारे पायलट शहीद होते हैं और पीएम वायुसेना से पैसे छीनकर अनिल अंबानी की जेब में डाल देते हैं।

      उन्होंने कहा कि चौकीदार सिर्फ सेना का पैसा ही चोरी नहीं करता है बल्कि किसानों और मजदूरों का भी पैसा चोरी करता है। ये जल, जंगल और जमीन आपकी है, अंबानी और अडानी की नहीं है।

      ranchi rahul 3

      कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस द्वारा बनाए गए जमीन अधिग्रहण कानून को रद्द करने की कोशिश की, लेकिन हमने इसे कामयाब नहीं होने दिया।

      राहुल ने अपनी इस रैली में वादा किया कि अगर केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनती है तो देश के सभी गरीबों को न्यूनतम आय की गारंटी दी जाएगी।

      उन्होंने कहा कि बिना कोई सवाल किए गरीबों के खाते में पैसे ट्रांसफर किए जाएंगे। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि किसानों हर महीने 500 रुपये दिया जाना उनकी मेहनत का अपमान है।

      मुख्‍यमंत्री रघुवर दास पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड का चौकीदार आदिवासियों की जमीन चोरी करता है। बिना किसान को पूछे जमीन उद्योगपतियों को दे रहा है। राहुल ने कहा कि मैंने कर्ज माफ करने की घोषणा की तो दिया भी।

      उन्‍होंने लोगों से पूछा कि मैंने झूठे वादे किए, बता दो। नरेंद्र मोदी उद्योगपतियों का साढ़े तीन लाख करोड़ का लोन माफ कर सकता है , लेकिन किसानों का नहीं कर सकते।

      ranchi rahul 2

      राहुल ने कहा कि कांग्रेस ने निर्णय ले लिया है। कांग्रेस अपनी सरकार बनते ही न्यूनतम आय की गारंटी देते हुए राशि बैंक खाते में देगी। नरेंद्र मोदी जहां भी जाते हैं लोगों में नफरत फैला देते हैं। सभी को लड़ा देते हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का काम लोगों को जोड़ने का है। पूरा विपक्ष खड़ा है। मिलकर भाजपा को हराने जा रहे हैं।

      उन्‍होंने कहा कि झारखंड में सभी 14 सीटों पर महागठबंधन जीतेगा। छह माह बाद झारखंड की भी भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेंगे। झारखंड गरीब प्रदेश नहीं अमीर प्रदेश है। आपका पैसा चोरी हो रहा है। कांग्रेस झारखंड को बदलने वाली सरकार देगी।

      प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ अजय कुमार ने कहा कि भाजपा को मेरा झूठ सबसे मजबूत नारा देना चाहिए।

      कांग्रेस नेता सुबोधकांत सहाय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और झारखंड के मुख्‍यमंत्री रघुवर दास पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र में फेंकू तो झारखंड में महाफेंकू की सरकार चल रही है।

      ranchi rahul 5

      कांग्रेस नेता आलमगीर आलम ने परिवर्तन रैली के मंच से किसानों के ऋण माफ करने की बात उठाई।

      झामुमो के कार्यकारी अध्‍यक्ष हेमंत सोरेन के प्रतिनिधि स्टीफन मरांडी ने कहा कि झारखंड आंदोलन की जमीन है। यहां के लोग अंग्रेजों से लंबी लड़ाई लड़ चुके हैं। सीएनटी एक्ट में संशोधन कर यहां के लोगों को छेड़ा गया है।

      झारखंड विकास मोर्चा के अध्‍यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने, अपनी मुट्ठी में लेने का प्रयास किया है।

      उन्‍होंने कहा कि झारखंड परिवर्तन की दहलीज पर खड़ा है। भाजपा ने 2014 की घोषणाओं की ओर देखा नहीं। जो घोषणा नहीं कि वही 5 साल तक करते रहे। भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकना है। सारे विपक्षी दल मिलकर मोदी सरकार को उखाड़ फेंकें। राज्‍य की रघुवर सरकार ने स्कूल बंद किए और दारू की दुकानें खोल दीं।

      ranchi rahul 1

      रांची एयरपोर्ट पहुंचने पर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार, पूर्व केंद्रीयमंत्री सुबोधकांत सहाय ने उनकी अगवानी की।

      राहुल गांधी का काफिला एयरपोर्ट से रवाना होकर बिरसा चौक के लिए निकला। वहां पर बिरसा मुंडा की प्रतिमा को माल्यार्पण कर मोरहाबादी मैदान के लिए निकले। जहां उनका स्वागत पारंपरिक छऊ नृत्य के साथ किया गया।

      बता दें कि कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद राहुल गांधी की झारखंड में यह पहली रैली है। साथ ही लोकसभा चुनावों को लेकर राहुल गांधी की यह महारैली विपक्षी महागठबंधन के औपचारिक एलान के बड़े प्‍लेटफार्म के तौर पर भी देखी जा रही है।

      अरसों बाद जल-जंगल जमीन की झारखंडी धरती पर सजने वाला यह बड़ा मंच जहां एक ओर से कांग्रेसियों को संजीवनी देकर गया।

      वहीं दूसरी ओर लोकसभा चुनावों में दमदार प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री बनने की आस लगाए राहुल गांधी के लिए भी लांचिंग पैड से कम नहीं होगा।

      संबंधित खबरें
      error: Content is protected !!