अन्य
    Thursday, April 25, 2024
    अन्य

      मनचलों की करतूत से लोगों में उभरा आक्रोश

      बिहारशरीफ (संवाददाता)। नालंदा जिले दो अलग-अलग क्षेत्रों की घटनाओं में मनचलों की करतूत से लोगों में काफी आक्रोश दिख रहा है।

      खबर है कि भागन बिगहा ओपी क्षेत्र के एक गांव में मनचलों ने पहले तो पढ़ने जा रही दो किशारियों से छेड़खानी की। इन्कार सुनकर दोनों बहनों की बुरी तरह से पिटाई कर दी गई। जख्मी हालत में दोनों बहनों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना को गांव के ही चार मनचलों ने घटना को अंजाम दिया। इसमें से दो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

      इधर इस्लामपुर में काफी दिनों से छात्राओं का परेशान करने वाले चार युवकों को ग्रामीणों ने दबोच लिया और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों को जेल भेज दिया है।

      पीड़िता द्वारा दर्ज प्राथमिकी के अनुसार दोनों पीड़ित छात्राएं आपस में ममेरी-फुफेरी बहने हैं। आठवीं कक्षा में पढ़ती है।

      दोनों ने बताया कि रोज सहोखर मोहल्ले में पढ़ने जाती है। शनिवार की सुबह भी दोनों पढ़ने के लिए जा रही थी। उसी समय गांव के ही चार मनचले फब्तियां कसने लगे। पहले तो दोनों से अनसुना कर दिया। पर मामला हद से आगे बढ़ता देख दोनों से विरोध किया। इससे मनचले उग्र हो गये और उनपर हमला कर दिया। लात-घूंसों से जमकर उन्हें पीटा। मारपीट में दोनों बहनों के सिर व हाथ में काफी चोट लगी है।

      इस घटना को देखकर आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़े तब जाकर मनचलों ने दोनों को छोड़ा और भाग निकले। घटना की सूचना पाकर किशोरियों के परिजन आये और उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया। परिजन ने इस घटना की सूचना पुलिस को भी दी। इलाज के दौरान ही दो आरोपित समझौता करने की नियत से सदर अस्पताल आये थे। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है।

      ओपी प्रभारी आलोक कुमार चौधरी ने बताया कि दो परिवारों के बीच पूर्व से ही विवाद चल रहा था। इसी को लेकर दोनों घरों की बच्चियों के बीच झगड़ा हुआ था। जिसमें उन्हें चोट लग गयी। मामूली मारपीट की घटना है। छानबीन चल रही है। हिरासत में लिये गये लोगों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया है।

      उधर इस्लामपुर थाना क्षेत्र में छात्राओं को तंग कर रहे चार मनचलों को ग्रामीणों ने दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। मनचले पढ़ाई कर लौट रही छात्राओं को तंग कर रहे थे। जबरदस्ती उनसे नंबर मांग रहे थे। एक छात्रा के भाई ने चारों के खिलाफ थाने में एफआईआर करायी है।

      प्राथमिकी के अनुसार पीड़िता शुक्रवार की दोपहर अपनी सहेलियों के साथ इस्लामपुर बाजार स्थित कोचिंग से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। केवई रोड में काजीचक पुल के पास चार लड़के छेड़खानी करने लगे। मनचलों ने उनसे नंबर की मांग की। विरोध करने पर छात्राओं से मारपीट पर उतारु हो गये। डर के मारे छात्राओं ने शोर मचाना शुरू किया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े और चारों को धर-दबोचा।

      थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि आरोपित महरोगोरैया गांव निवासी रामाशीष राम का पुत्र संटु कुमार, अभिषेक प्रसाद का पुत्र सौरभ कुमार, शिव प्रसाद का पुत्र नीतीश कुमार व अमरुदिया बिगहा गांव निवासी कृष्णा यादव का पुत्र दिलीप कुमार को जेल भेज दिया गया है।

      संबंधित खबरें
      error: Content is protected !!