अन्य
    Thursday, April 18, 2024
    अन्य

      बिहार कांग्रेस कमिटी भंग, अशोक चौधरी की हुई छुट्टी, मो. कादरी बने कार्यकारी अध्यक्ष

      पटना (संवाददाता )। आखिरकार बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक चौधरी की छुट्टी हो गई । राष्ट्रीय महासचिव और बिहार प्रभारी सीपी जोशी ने कांग्रेस आलाकमान के इस फैसले की जानकारी मीडिया को दी है।congess

      पिछले कुछ दिनों से यह कयास लगाया जा रहा था कि बिहार कांग्रेस में सब कुछ ठीक नहीं है।कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चौधरी पार्टी में असहज महसूस कर रहे थे।उन्होंने साफ ऐलान भी कर रखा था कि आलाकमान उनके बारे में शीघ्र फैसला ले कि उन्हें पार्टी में रखना है या नहीं ।

      आखिरकार मंगलवार देर शाम कांग्रेस आलाकमान ने अपने फैसले में प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी की छुट्टी करते हुए बिहार कमिटी को अगले आदेश तक भंग कर दिया है।बिहार के प्रदेश उपाध्यक्ष मो. कादरी को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

      राष्ट्रीय महासचिव सीपी जोशी ने दिल्ली में पत्रकारों को बताया कि आलाकमान कांग्रेस की नई कमिटी का गठन शीघ्र करेगी । कांग्रेस आलाकमान द्वारा प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी की छुट्टी के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि अशोक चौधरी का क्या होगा? पार्टी उन्हें बाहर का रास्ता दिखाती है या पार्टी में ही कोई अन्य पद देती है।

      गौरतलब रहे कि महागठबंधन टूटने के बाद से ही बिहार कांग्रेस के विधायकों में टूट की आशंका व्यक्त की जा रही थी।वहीं कांग्रेस का एक गुट प्रदेश अध्यक्ष की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे थे।वही अशोक चौधरी पार्टी के कुछ नेताओं पर उन्हें बदनाम करने तथा दलित उत्पीड़न का आरोप लगा रहे थे ।

      बिहार कांग्रेस में जारी गुटबाजी के बीच राष्ट्रीय अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बिहार कांग्रेस के वरीय नेताओं से कई बार बैठकें कर चुके थे । बिहार कांग्रेस कमिटी भंग होने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष पद की दौड़ में सबसे आगे प्रेमचंद्र मिश्र का नाम आ रहा है।

      उधर प्रदेश अध्यक्ष पद से छुट्टी के बाद  अशोक चौधरी का अगला कदम क्या होगा? यह एक महत्वपूर्ण सवाल है।महागठबंधन टूटने के बाद से जिस तरह से अशोक चौधरी की नजदीकी सीएम नीतीश कुमार के साथ बढ़ी है तब से उनके जदयू में शामिल होने की आशंका बढ़ गई है।अब पूर्व अध्यक्ष इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि आलाकमान उन्हें पार्टी से निकालती है या नहीं ।

      पूर्व अध्यक्ष के साथ उन विधायकों का क्या होगा यह भी एक महत्वपूर्ण सवाल उठ रहा है।यानी बिहार कांग्रेस के विधायकों में टूट की गुंजाइश बढ़ गई है।आने वाले दिनों में बिहार कांग्रेस की नूराकुश्ती काफी दिलचस्प होने वाली है।

      संबंधित खबरें
      error: Content is protected !!