अन्य
    Saturday, April 20, 2024
    अन्य

      नशे में धुत्त युवक ने डायन बता दादी की गर्दन काट डाला

      घटना रविवार की दोपहर अस्थावां थाना क्षेत्र के पचेतन गांव में हुई। आरोपित ने पशुओं का चारा काटने वाले हथियार(कत्ता) से 60 वर्षीय राजकुमारी देवी को बेरहमी से काट डाला।”

      नालंदा (हमज़ा अस्थानवी)।  में डायन होने का आरोप लगाकर एक युवक ने वृद्ध महिला का गला काट डाला। मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। आरोपित रिश्ते में मृतका का पोता लगता है।

      ग्रामीणों का कहना है आरोपित सोनू कुमार ताड़ी के नशे में था। वह अपनी मां और बेटे की मौत का जिम्मेवार महिला को बता रहा था। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

      घटना की सूचना पर डीएसपी निशीत प्रिया, इंस्पेक्टर जेपी यादव और थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह दल-बल के साथ गांव पहुंचे। शव का पोस्टमार्टम करा मृतक के परिजन को सौंप दिया गया है।

      जमीन पर पटककर काट डाला गलाः
      ग्रामीणों ने बताया कि राजकुमारी देवी घर में बैठकर कुछ काम कर रही थी। दोपहर के समय सोनू ताड़ी पीकर आया और उनके घर के सामने खड़ा होकर गाली-गलौज करने लगा। गाली सुनकर महिला घर से बाहर निकली तो दोनों में विवाद होने लगा।

      आरोपित का कहना था कि वह तंत्र-मंत्र जानती है और उसी ने उसकी मां की जान ली है। इतने में आरोपित अपने घर गया और कत्ता लेकर आ गया। घर के पास गली में उसने महिला को पटक दिया और गले पर वार करने लगा। आरोपित ने महिला के शरीर पर कई वार किये। जबतक लोग कुछ समझ पाते महिला की जान जा चुकी थी।

      नाली में बिखरा था खूनः
      ग्रामीण जब वहां जमा हुए तो आरोपित वहां से भाग गया। सूचना पाकर पुलिस गांव पहुंची। शव गली में ही पड़ा था। पास में ही मौजूद नाली में खून बिखरा था। नाली से ही पुलिस ने हथियार भी बरामद कर लिया।

      डीएसपी ने महिला के परिजन के अलावा गांववालों से भी पूछताछ की। बाद में पुलिस ने छापेमारी कर आरोपित को भी दबोच लिया है।

      चार माह पहले बेटे की हुई थी मौतः
      ग्रामीणों ने बताया कि आरोपित गोतिया के रिश्ते में पोता लगता है। उसकी मां का निधन दो-तीन साल पहले हो चुका है। वह दूसरे राज्य में ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता है। चार माह पहले उसके एक पुत्र की भी मौत हो चुकी है।

      उसके बाद उसके दिमाग में यह बात घर कर गयी कि महिला डायन है। वह कई बार यह आरोप लगा चुका था। इसके अलावा यह भी चर्चा है कि महिला ने आरोपित से 80 रुपये उधार लिये थे, जिसे महिला नहीं लौटा रही थी।

      बहू के बयान पर मुकदमाः
      मृत राजकुमारी के पति का निधन पहले ही हो चुका है। वह मेहनत मजदूरी कर परिवार चलाती थी। दो बेटियों व एक बेटे की शादी हो चुकी है। पुत्र दिमागी रूप से थोड़ा कमजोर है।

      बहू शक्ति देवी का बयान लेकर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 

      संबंधित खबरें
      error: Content is protected !!