अन्य
    Friday, March 29, 2024
    अन्य

      एमजीएम में महिला मरीज से दुष्कर्म, आरोपी सीसीटीवी में कैद

      दरवाजे की कुंडी बंद कर शराबी ने वार्ड में दुष्कर्म किया, चार घंटे मेरे बेड पर ही रहा, मैं चीखती-चिल्लाती रही और पड़ोस के बेड पर भर्ती महिलाएं तमाशा देखती रहीं  …पीड़िता”

      जमशेदपुर (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। एमजीएम अस्पताल में भर्ती 50 साल की महिला मरीज के साथ दुष्कर्म मामले की जांच का जिम्मा जमशेदपुर एसएसपी को सौंपा गया है। उधर स्वास्थ्य मंत्री ने इस मामले को सस्पेक्टेड बताया है।

      mjm rape 3हालांकि एमजीएम अस्पताल अधीक्षक ने इस जघन्य वारदात की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई है। कमेटी अपनी रिपोर्ट जल्द देगी। कमेटी का नेतृत्व वरिष्ठ प्रोफेसर डॉक्टर आरवाई चौधरी को सौंपी गई है।

      बता दें कि पहले एमजीएम प्रबंधन ने पूरे मामले को अफवाह करार दिया था। पुलिस जांच में खुलासे के बाद अस्पताल के पदाधिकारी अपनी गर्दन बचाने में लगे हुए हैं। इस मामले में पुलिस ने नर्स और अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की है।

      एमजीएम अधीक्षक की तीन सदस्यीय कमेटी में डॉक्टर आरवाई चौधरी, डॉक्टर ललित मिंज, डॉक्टर नारायण उरांव शामिल हैं। अधीक्षक डॉक्टर संजय कुमार ने कहा है कि छह मार्च को जानकारी मिली थी। कर्मचारियों से पूछताछ की गई। सभी ने घटना से इन्कार किया था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म हुआ था।

      स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि अब तक की जांच में कुछ फैक्ट सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस एक संदिग्ध की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। नोटिस का जवाब मिलने पर अधीक्षक की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।

      इधर, दुष्कर्म मामले में स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर डीसी रवि शंकर शुक्ला ने अधीक्षक डॉक्टर नकुल चौधरी को नोटिस जारी कर 48 घंटे के अंदर जवाब मांगा है। अधीक्षक से दो बिन्दुओं पर जवाब तलब किया गया है।

      एमजीएम अस्पताल में महिला मरीज के साथ दुष्कर्म मामले में अधीक्षक डॉ. संजय कुमार पर गाज गिरनी तय है। विधानसभा में मामले को संदिग्ध बता चुके स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा महिला के साथ दुष्कर्म हुआ या नहीं, इसकी जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। वह सच व झूठ का पता लगाएगी। अस्पताल प्रबंधन ने इस तरह की घटना के प्रति जो संवेदनहीनता दिखाई है, वह अपराध की श्रेणी में आता है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।mjm rape 2

      छह मार्च के सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि दुष्कर्मी दो बार महिला वार्ड में गया। वह पहली बार रात के लगभग सवा दस बजे फीमेल वार्ड में जाता है। वार्ड का मुआयना करता है। इसके बाद लगभग 10 बजकर 55 मिनट पर निकल जाता है। निकलने से पहले वह इधर-उधर झांकता है। इसके बाद बाहर निकल जाता है।

      लगभग 11.30 बजे फिर वह वापस फीमेल वार्ड में आता है। फीमेल वार्ड में आने के बाद सुबह 4 बजे निकल जाता है। पीड़िता दोपहर लगभग 11. 50 बजे पर एक वृद्धा के साथ बाहर आती है और फिर वार्ड में चली जाती है।

      एमजीएम अधीक्षक डॉ. संजय कुमार की दलील है कि छह मार्च को घटना के बारे में जानकारी मिली थी। इसके बाद मामले की छानबीन के लिए वहां के नर्स और अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की गई। सभी ने वार्ड में किसी महिला से दुष्कर्म से इनकार किया। हमने अपनी ओर से पूरी छानबीन की थी। होमगार्ड से भी रिपोर्ट ली गई थी। सभी ने घटना से इनकार किया था। महिला को जबरन छुट्टी नहीं दी गई थी। मेडिसिन डिपार्टमेंट के विभागाध्यक्ष डॉ. बलराम झा ने छुट्टी दी थी।

      बकौल पीड़िता, दरवाजे की कुंडी बंद कर शराबी ने वार्ड में दुष्कर्म किया, चार घंटे मेरे बेड पर ही रहा, मैं चीखती-चिल्लाती रही और पड़ोस के बेड पर भर्ती महिलाएं तमाशा देखती रहीं।mjm rape 3

      मैं 21 जनवरी को जोजोबेड़ा रेलवे फाटक होते हुए बाजार की तरफ जा रही थी। तभी बाइक ने धक्का मारा। सिर व हाथ में चोट आई। स्कूल के बच्चों ने टेंपो से उतरकर मुझे उठाया। पानी और चाय पिलाई। इसके बाद दो अंजान युवक आए। एमजीएम में भर्ती कराया। कुछ दिनों तक सर्जिकल वार्ड में इलाज चला।

      मेरा कोई नहीं होने पर चार तल्ला मेडिसिन वार्ड के बेड नंबर 62 में ले जाया गया। जहां 5 मार्च तक इलाज चल रहा था। उस रात मैं अपने बेड पर सोई थी। रात 12 बजे शराब के नशे में एक व्यक्ति वार्ड में घुसा। पड़ोस की बेड पर बैठी नीतू से उसने कुछ बातचीत की। फिर मेरे बेड पर आकर दुष्कर्म करने लगा। मैंने विरोध किया तो उसने पीटा। जिसमें मेरा चश्मा गिर गया। एक आंख से दिखाई नहीं देता।

      दुष्कर्म करने वाले को मैं पहचान नहीं सकी। उसने दरवाजा की कुंडी लगाकर मेरे साथ गलत काम किया और सुबह चार बजे वहां से गया। मेरे बेड के बगल में बिरसानगर जोन नंबर सात में रहने वाली नीतू और पोटका की लक्ष्मी का इलाज चल रहा था।

      घटना नीतू और लक्ष्मी के सामने हुई। दोनों ने न विरोध किया और न शोर मचाया। दूसरे दिन यानि 6 मार्च को सुबह छह बजे नीतू मुझे ही गाली देने लगी। जिसके बाद नर्स आई। मैंने घटना की जानकारी नर्स को दी। कुछ देरी बाद वार्ड में हल्ला हो गया। इसके बाद नर्स व सफाई कर्मचारी आए। मुझे अस्पताल से छुट्टी होने की जानकारी दी। मैंने डिस्चार्ज पेपर मांगे।

      इसपर हेड नर्स ने कहा कि तुम खाना खाओ, पेपर तैयार हो रहा है। दोपहर का खाना खाने के तुरंत बाद मुझे एक नर्स व सफाई कर्मचारी जबरन नीचे ले आए। छुट्टी होने की बात कहते हुए अस्पताल गेट के बाहर ले आए। टेंपो पर बैठाया और वहां से साकची बस स्टैंड पर ले गए।mjm rape 1

      वहां बस पर यह कहते हुए चढ़ाया कि तुम बस पर नहीं चढ़ पाओगी। एक सफाई कर्मचारी ने मुझे 30 रुपए दिए। मैं किसी तरह से भटकते हुए अपने घर पहुंची। कुछ दिनों बाद पुलिस आई और मुझे साथ ले गई। मैंने पुलिस को भी डिस्चार्ज पेपर दिलवाने को कहा, लेकिन आज तक नहीं मिला।

      पुलिस सौतेली बेटी के घर पर निगरानी में रखा है। बेटी मुझे रखना नहीं चाहती। बेटी का कहना है कि मैं जब छह-सात साल की थी, तभी मेरे पिता (पीड़िता के पहले पति) की मौत हो गई थी। मेरे एक भाई की मौत हो चुकी है। दूसरा भाई चेन्नई में काम करता है। मेरे पति भी सौतेली मां को रखना नहीं चाहते। पुलिस जबरन रखकर गई। मैंने अईओ महिला पदाधिकारी को वापस ले जाने के लिए कह दिया है।

      एमजीएम अस्पताल में इलाजरत महिला से दुष्कर्म मामले में वार्ड में मौजूद चश्मदीद गवाह नीतू बिरसानगर जोन नंबर सात में अपने घर पर नहीं है। साकची थानेदार कुणाल कुमार ने नीतू के परिवार वालों से संपर्क कर उसे हाजिर कराने का निर्देश दिया है।

      शुक्रवार को एमजीएम का फुटेज खंगालने के बाद मेडिसिन वार्ड की नर्स व कर्मियों से दुष्कर्म मामले में छानबीन की गई। अारोपी का कुछ सुराग नहीं मिलने पर जांच की सूई चश्मदीद गवाह नीतू पर जाकर रूक गई है।

      थानेदार कुणाल ने बताया कि नीतू घर पर नहीं मिली, लेकिन परिवार वालों को उसे बुलाने को कहा गया है। पुलिस मान रही है कि शायद नीतू आरोपी को पहचानती हो। लाल रंग की चेकदार शर्ट पहने व लड़खड़ाते आरोपी की खोजबीन में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भुइयांडीह, छायानगर, धातकीडीह मेडिकल बस्ती, मानगो हरिजन बस्ती में भी तलाश जारी है।

      LEAVE A REPLY

      Please enter your comment!
      Please enter your name here

      संबंधित खबरें
      error: Content is protected !!