पटना (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। हमेशा विवादित व अमर्यादित बोल के लिए कुख्यात रहे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सीएम नीतीश कुमार पर ऐसा तंज कसा है कि बिहार में एक नया सियासी बवाल खड़ा हो गया है।
गिरिराज ने पटना में पूर्व सीएम जीतनराम मांझी और लोजपा सुप्रीमो रामविलास पासवान के आवास पर आयोजित दावत-ए-इफ्तार की तस्वीरें टैग करते हुए ट्वीटर पर लिखा है,
‘कितनी खूबसूरत तस्वीर होती जब इतनी ही चाहत से नवरात्रि पे फलाहार का आयोजन करते और सुंदर-सुंदर फोटो आते ?? अपने कर्म-धर्म से हम पिछड़ क्यों जाते और दिखावा में आगे रहते ???’
नीतीश पर गिरिराज के ऐसी विवादित ट्वीट को भाजपा जदयू के बीच बढ़ती सियासी खटपट के तौर पर देखा जा रहा है।
जदयू के प्रवक्ता प्रगति मेहता ने गिरिराज के तंज के जवाब में ट्वीट किया है,
’नीतीश जी टोपी पहनते हैं तो टीका भी लगाते हैं। महाबोधि मंदिर जाते हैं तो जैन मंदिर भी जाते हैं। चर्च से भी लगाव है तो प्रकाश पर्व भी उतने ही जतन से मनाते हैं, क्योंकि वह राजधर्म निभाते हैं। समझे।’
राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राज्यसभा के पूर्व सदस्य शिवानंद तिवारी ने गिरिराज सिंह जैसे लोग पीएम नरेंद्र मोदी के दिखावटी भाषणों की पोल खोलते हैं। पीएम मुसलमानों के मन से भय निकालने की बात करते है, दूसरी ओर गिरिराज सिंह रमजान और दावत-ए-इफ्तार का मजाक बनाते हैं। गिरिराज को नवरात्र की परंपरा का ज्ञान होता तो नीतीश कुमार के खिलाफ तंज कसने से पहले सौ बार सोचते।
उल्लेखनीय है कि केंद्र की मोदी सरकार में सांकेतिक प्रतिनिधित्व का प्रस्ताव खारिज करने और फिर बिहार में कैबिनेट के एकतरफा विस्तार में केवल जदयू से आठ मंत्री बनाने के कारण भाजपा के भीतर मची खलबली के बीच नीतीश कुमार सोमवार को पूर्व सीएम जीतनराम मांझी की दावत में पहुंच गये।
उन्होंने मांझी को गले लगाया, लेकिन रामविलास पासवान की दावत में मौजूद उपसीएम सुशील कुमार मोदी की अनदेखी करके निकल गये। दावत-ए-इफ्तार में हुई इस सियासत के बाद भाजपा की ओर से पलटवार उम्मीद की जा रही थी।
गिरिराज का बयान उसी कड़ी में देखा जा रहा है। जानकारों का कहना है कि कड़वे बयानों का सिलसिला अभी जारी रहेगा। इसी कड़ी में जदयू प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा है कि गिरिराज सिंह मानसिक रूप से बीमार आदमी हैं।